सिरसा, 10 जुलाई। इनेलो आईटी सेल प्रदेश सचिव साहिल रोज ने भाजपा सरकार पर कई आरोप लगाए।
इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश में परिवार पहचान पत्र (फैमिली आईडी) में किसी भी कारण से छूटी गलतियां लोगों के लिए सजा से कम साबित नहीं हो रही हैं।
कई लोगों की पेंशन रुकी हुई है तो कई लोग सुविधाओं का फायदा लेने के लिए फार्म तक नहीं भर पा रहे। उन्होंने कहा कि लोग परिवार पहचान पत्र में रही कमी को ठीक करवाने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं।
लोगों की आईडी अलग नहीं हो रही, किसी का राशन काट दिया, किसी का व्यवसाय ठीक नहीं किया जा रहा। इस प्रकार आईडी में गलतियों के कारण गरीब परिवार सुविधाओं से वंचित हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि पोर्टल के नाम पर प्रॉपर्टी आईडी के लिए करोडों रुपए वसूले गए हैं।
साहिल ने कहा कि अब आगामी विधानसभा चुनाव सिर पर है जनता के मन में भाजपा शासन के प्रति आक्रोश दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। यह आक्रोश विधानसभा चुनाव में इनका सफाया करेगा।
